शनिवार, 20 फ़रवरी 2021

अनोखे साँपों की खूबसूरत दुनिया

हमारी प्रकृति में कई तरह के जीव-जंतु पाए जाते हैं और साँप उनमें से ही एक हैं। साँप दुनिया भर में लगभग सभी जगहों पर पाए जाते हैं जिनमें अधिकतर जहरीले होते हैं। यही कारण है कि इनके प्रति लोगों के मन में एक स्वाभाविक डर होता है। आओ, आज तुमको बताते हैं इन्हीं सर्पों की कुछ अनोखी प्रजातियों के बारे में जिन्हें देख कर तुम्हें आश्चर्य भी होगा और रोमांच भी! लेकिन यह ध्यान रखना कि इनमें से कई अत्यधिक विषैले होते हैं।


रेनबो स्नेक



हम सब ने कभी ना कभी बारिश के मौसम में इंद्रधनुष देखा है। तुमको जानकर हैरानी होगी लेकिन इंद्रधनुषी रंगो वाले साँप भी होते हैं। हाँ, यह दुर्लभ होते हैं। अमेरिका के फ्लोरिडा में हाल ही में इनको देखा गया था। ऐसा 50 सालों के बाद हुआ। इनकी पीठ नीले और काले रंग की होती है और झिलमिल दिखती है। इनके शरीर पर चमकदार लाल पीली धारियां भी होती है। यह 100 से 140 सेंटीमीटर लंबे होते हैं। इन्हें जहरीला नहीं माना गया है और ये  बहुत शर्मीले होते हैं। यह जलीय इलाकों के पास छुप कर रहना पसंद करते हैं। 


एमराल्ड ट्री बोआ



एमराल्ड ट्री बोआ, ब्राजील के वर्षा वन में पाए जाने वाले साँपों की दुर्लभ प्रजातियों में से एक हैं और यह हरे रंग के बहुत खूबसूरत साँप होते हैं। इनके शरीर पर सफेद रंग के स्पॉट्स होते हैं और निचला हिस्सा पीले रंग का होता है। किताबी भाषा से हट के बात करें तो इनका शरीर काफी हद तक परवल की मिठाई के रंग का होता है। इनकी लंबाई 2.2 मीटर तक हो सकती है और वजन लगभग 2 से 4 पाउंड का होता है। इनके दांत बड़े होते हैं लेकिन इनको भी जहरीला नहीं माना गया है। दिन में पेड़ों पर रहकर, रात को यह शिकार करने बाहर आते हैं। इनकी विशेषता ये भी है कि अन्य सर्प प्रजातियों की तरह इनकी मादा अंडे नहीं देती बल्कि बच्चों को अपने अंदर ही विकसित कर के जन्म देती है।


अल्बाइनो स्नेक



साँपों का नाम सुनते ही काले, धूसर रंग के किसी साँप की कल्पना होने लगती है लेकिन यह साँप सफेद होता है। इनकी आंखें गुलाबी रंग की होती है और यह बहुत सुंदर दिखते हैं। यह ऑस्ट्रेलिया में पाए जाते हैं। इनके बारे में रोचक बात यह है कि जब यह अंडे से बाहर आते हैं तो कई रंगों में होते हैं और जैसे-जैसे इनकी उम्र बढ़ती है, इनका रंग हल्का पड़ता चला जाता है और एक समय पूरे सफेद हो जाते हैं। इनकी लंबाई 8 फुट तक हो सकती है। यह बहुत जहरीले होते हैं लेकिन आत्मरक्षा में ही किसी को काटते हैं।


किंग कोबरा



इनको नागराज भी कहा जाता है। इनके पास इतना जहर होता है कि यह किसी हाथी तक को मार सकते हैं। यह 20 फीट तक लंबे हो सकते हैं और अधिकतर भारत में ही पाए जाते हैं। यह दुनिया का सबसे लंबा और जहरीला साँप माना जाता है। यह जिसे काट लें, उसे अगर जल्दी से जल्दी उपचार नहीं उपलब्ध कराया गया तो घंटे भर में मौत हो सकती है। भगवान शंकर से जुड़ा होने कारण इसे मारा नहीं जाता है।


रेड हेडेड क्रेट


नीले शरीर और लाल मुंह वाला ये साँप अपने आप में अनोखा और आकर्षक होता है। दक्षिण थाईलैंड के पहाड़ी इलाकों में पाया जाने वाला यह साँप सात फीट तक लंबा हो सकता है। साथ ही इन्हें मलेशिया और इंडोनेशिया में भी देखा जा सकता है। यह भी एक अत्यंत जहरीली प्रजाति है। इसके शरीर में न्यूरोटोक्सीन पाया जाता है जो इसे ज्यादा जहरीला बना देता है। यह स्पंदन करते हुए चलता है। खतरनाक बात यह है कि इसका आहार दूसरे साँप ही होते हैं। 



















(और अधिक जूम इन करने के लिए फोटो पर क्लिक करें)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें